भोपाल में आज ‘मां के नाम’ रोपे जा रहे 12 लाख पौधे, CM मोहन यादव ने जंबूरी मैदान पर लगाया आंवले का पौधा
भोपाल संभाग ब्यूरो चीफ अंबिका भारती की रिपोर्ट।
भोपाल में हरियाली महोत्सव के तहत वृहद पौधारोपण का मुख्य कार्यक्रम जंबूरी मैदान के सामने आयोजित किया जा रहा है। इसके अलावा कलियासोत मैदान, भेल दशहरा मैदान, एयरपोर्ट रोड, गांधी नगर सहित विभिन्न स्थानों पर नगर निगम द्वारा एक लाख 20 हजार पौधे लगाए जा रहे हैं। कालोनियों में व अतिक्रमण से मुक्त कराई शासकीय जमीनों पर भी हो रहा पौधारोपण।

भोपाल में जंबूरी मैदान के नजदीक लगाए गए पांच हजार पौधे।
मैदान पर लगभग 25 प्रजातियों के पौधों का रोपण किया किया।
वन विभाग को जिले में 09 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य मिला है।
भोपाल। शनिवार को डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर हरियाली महोत्सव पूरे प्रदेश में मनाया जा रहा है। इस अवसर भोपाल के जंबूरी मैदान पर वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आंवले का पौधा रोपते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री सुबह करीब सवा दस बजे जंबूरी मैदान पहुंचे।
हरियाली महोत्सव के तहत आयोजित इस वृहद पौधारोपण कार्यक्रम में जंबूरी मैदान पर कुल 25 प्रजातियों के लगभग 5000 पौधे रोपे गए। जिलेभर में आज विभिन्न क्षेत्रों में 12 लाख पौधे मां के नाम रोपे जा रहे हैं।
वेदों में बताई वृक्षों की महत्ता

पौधारोपण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि वेदों में वृक्षों में अलग प्रकार के महत्ता पाई गई है। 10 वृक्षों के बराबर एक कुआं होता है। 10 पुत्रों के बराबर एक वृक्ष होता है। एक पेड़ मां के नाम से अद्भुत प्रयोग है। आज का दिन हम सभी को एक अलग दौर में लेकर जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस प्रकार से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का आह्वान किया था। आज पूरा देश, प्रत्येक नागरिक एक पेड़ मां के नाम लगा रहा है। एक पेड़ मां के नाम अभियान को रेखांकित करते हुए मध्यप्रदेश सरकार साढ़े पांच करोड़ पेड़ लगाने का निर्णय किया है। उसी सिलसिले में आज अलग-अलग जिलों में ये अभियान चलाया जा रहा है।
सीएम डॉ. यादव ने आगे कहा कि भोपाल लगभग 40 लाख पौधे लगाने वाला है। जिसमें आज ही के दिन 12 लाख पौधे लगाने का निर्णय किया गया है।
इस दौरान डॉ यादव ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भी सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हम सबको स्मरण करना चाहिए, एक ऐसे महापुरुष जिन्होंने अपने जीवन काल में भारत के मुकुटमणि जम्मू कश्मीर में जो भूमिका निभाई उसे कोई भूलेगा नहीं।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री विश्वास सारंग, राज्यमंत्री कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी समेत अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
नगर निगम द्वारा आज शहर में कुल एक लाख 20 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। नगर निगम द्वारा जंबूरी मैदान के अलावा कलियासोत मैदान, भेल दशहरा मैदान, एयरपोर्ट रोड, गांधी नगर सहित विभिन्न स्थानों पर कुल एक लाख 20 हजार पौधे लगाए जा रहे हैं। इनके अलावा जहां हरियाली कम है और कालोनियों के साथ ही अतिक्रमण से मुक्त कराई गई शासकीय भूमि पर भी पौधे लगाए जा रहे हैं। इसके लिए एसडीएम और तहसीलदारों को भी जिम्मेदारी दी गई है।
वन विभाग करेगा सर्वाधिक पौधारोपण

डीएफओ आलोक पाठक ने बताया कि उनको नौ लाख पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। इसके लिए उन्होंने एक दिन पहले ही वनभूमि पर तैयारियां कर ली थीं। गड्ढे खोदने के साथ ही तार फेंसिंग भी कर ली गई। पौधों का इंतजाम भी कर लिया गया। इनमें आम, नीम, बरगद, पीपल सहित अनके किस्म के पौधे लगाए जा रहे हैं।
कलेक्टर ने की अपील

कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि पौधारोपण अभियान से सामाजिक संगठन, शैक्षणिक संस्थाएं और व्यापारियों सहित आमजनों को भी जोड़ा गया है। उन्होंने लोगों से पौधारोपण करने की अपील की और कहा कि पौधे लगाने के बाद नागरिक अपनी फोटो ‘मेरी लाइफ पोर्टल’ में भी अपलोड कर सकते हैं।
लालघाटी चौराहे पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा का अनावरण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लालघाटी चौराहे पर जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा का अनावरण किया। यहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा भी पहले से ही स्थापित है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कश्मीर से धारा 370 हटाने के लिए पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपना बलिदान दे दिया उनके योगदान को देश कभी भुला नहीं पाएगा।