रायसेन, 18 दिसम्बर 2024
रायसेन जिले में 19 से 24 दिसम्बर 2024 तक मनाए जा रहे सुशासन सप्ताह के दौरान 19 दिसम्बर से राष्ट्रव्यापी अभियान ‘‘प्रशासन गांव की ओर‘‘ शुरू किया जा रहा है। जिसके तहत जनसेवा संबंधी शिकायतों के निराकरण हेतु विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जएगा। कलेक्टर श्री अरविंद दुबे ने नागरिकों से इन विशेष शिविरों में भाग लेकर शासन की सेवाओं व योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।
इस अभियान में ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी एवं पात्र हितग्राहियों को इन योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इसके साथ ही 23 दिसंबर को जिला स्तर पर प्रसार कार्यशालाएँ आयोजित की जाएँगी। जिसमें जिले से संबंधित परिचर्चा एवं किए जा रहे नवाचारों को साझा किया जाएगा। प्रशासन गांव की ओर अभियान के दौरान सेवा वितरण संबंधी आवेदनों का निराकरण, राज्य शिकायत पोर्टलों पर शिकायतों का निवारण, सीपीजीआरएएमएस में शिकायतों का निवारण, ऑनलाइन सेवा वितरण के लिए जोड़ी गई नई सेवाओं, सर्वोत्तम सुशासन गतिविधियां आयोजित होंगी।